रांची, 25 अक्टूबर 2026। अबूआ न्यूज़ झारखंड
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली स्थित बीबा फैशन लिमिटेड के शोरूम में 31 लाख 20 हजार 635 रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के लीड सेल्स एचआर संजीव रंजन ने इस मामले में शोरूम के चार कर्मचारियों के खिलाफ चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ऑडिट में सामने आयी लाखों रुपये की गड़बड़ी
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों में क्लस्टर मैनेजर विकास कुमार झा, सेल्स स्टाफ प्रीतम कुमार और रूपाली समद तथा स्टोर मैनेजर पीयूष शामिल हैं। कंपनी ने अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच कई बार स्टोर का ऑडिट कराने का प्रयास किया था। हालांकि, आरोप है कि कर्मचारी अलग-अलग बहाने बनाकर ऑडिट को टालते रहे।
29.58 लाख रुपये के कपड़े मिले गायब
कंपनी ने पांच अक्टूबर 2026 को शोरूम का ऑडिट कराया। जांच रिपोर्ट में 29 लाख 58 हजार 300 रुपये के कपड़ों का स्टॉक गायब पाया गया। इसके अलावा 46,469 रुपये नकद और कार्ड से हुई बिक्री के 1,15,866 रुपये का भी हिसाब नहीं मिला। इस तरह कुल 31,20,635 रुपये की कथित गड़बड़ी सामने आयी।
पूछताछ के बाद शोरूम आना किया बंद
शिकायतकर्ता संजीव रंजन के अनुसार, ऑडिट में गड़बड़ी सामने आने के बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद चारों कर्मचारियों ने शोरूम आना बंद कर दिया। आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिये और बिना किसी सूचना के फरार हो गये।
कंपनी की संपत्ति के दुरुपयोग का आरोप
प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि कंपनी की ओर से भेजे गये कारण बताओ नोटिस का कर्मचारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। एचआर संजीव रंजन ने आरोप लगाया है कि चारों कर्मचारियों ने आपसी साजिश के तहत कंपनी के कपड़ों और राशि का दुरुपयोग किया। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।





