Bhuiyandih Football Tournament: जमशेदपुर में 14-15 अगस्त को फुटबॉल का रोमांच, मैदान में उतरेंगी 32 टीमें

0
14
Share This Post

स्वतंत्रता दिवस और शहीद कालीपदो भुइयां की स्मृति में होगा दो दिवसीय टूर्नामेंट; विजेता टीमों को साइकिल और सभी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे फलदार पौधे

जमशेदपुर: स्वतंत्रता दिवस और शहीद कालीपदो भुइयां की स्मृति में जमशेदपुर के भुइयांडीह में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। दुर्गापूजा मैदान में 14 और 15 अगस्त को होने वाली इस प्रतियोगिता में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की कुल 32 टीमें अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगी।

टूर्नामेंट का आयोजन सेंट्रल भीम बिरसा मुंडा फुटबॉल एकेडमी और अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुइयां ने सोमवार को साकची बाराद्वारी स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी साझा की।

रघुवर दास करेंगे टूर्नामेंट का उद्घाटन

आयोजकों के मुताबिक, 14 अगस्त को प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। इसके बाद विभिन्न टीमों के बीच मुकाबलों का सिलसिला शुरू होगा।

15 अगस्त को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी।

32 टीमों के बीच होगा मुकाबला

इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में ग्रामीण इलाकों से आने वाली 32 फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों का उद्देश्य ग्रामीण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाना है। प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीमों को ट्रॉफी के साथ विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

विजेता टीमों को मिलेंगी 11, 9 और 7 साइकिलें

टूर्नामेंट को खास बनाने के लिए विजेता टीमों के लिए साइकिलों का पुरस्कार रखा गया है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 साइकिलें, दूसरे स्थान की टीम को 9 और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 7 साइकिलें दी जाएंगी।

हर खिलाड़ी को मिलेगा फलदार पौधा

खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की भी तैयारी की गई है। प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक फलदार पौधा भेंट किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि खिलाड़ी इन पौधों को अपने घर या गांव में लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दुलाल भुइयां के साथ कुंज विभार, चैतन चौसा, निमाई मंडल समेत आयोजन से जुड़े कई अन्य लोग मौजूद रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here