जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। तेंतलापोड़ा पंचायत के सुदूरवर्ती तेंतला टोला चारडीहा में महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं, परिवार का तीसरा बच्चा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। उसका इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मलेरिया ने छीनी दो मासूमों की जिंदगी
जानकारी के अनुसार, चारडीहा निवासी सीमांत भूमिज के तीन बच्चे गोबिंद सरदार (5), लक्ष्मण सरदार (8) और प्रिया सरदार (10) मलेरिया से पीड़ित थे। शुक्रवार को परिजन तीनों बच्चों को इलाज के लिए पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पांच वर्षीय गोबिंद सरदार की मौत हो गई।
इसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए लक्ष्मण और प्रिया को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया। शनिवार को इलाज के दौरान 10 वर्षीय प्रिया ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, आठ वर्षीय लक्ष्मण की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जांच अभियान, 61 लोगों की हुई जांच
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 61 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें चारडीहा के 11 लोग शामिल थे।
वहीं, पोटका स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की 12 छात्राएं भी मलेरिया से संक्रमित पाई गईं। एक ही क्षेत्र में दो बच्चों की मौत और छात्राओं के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने पहले भी लगाए थे जांच शिविर
इस संबंध में सीएचसी पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि तेंतला गांव में 19, 21 और 25 नवंबर को मलेरिया जांच शिविर आयोजित किए गए थे। इसके बावजूद मृतक बच्चों के परिजनों ने जांच नहीं कराई थी। साथ ही, बच्चों की बीमारी की जानकारी भी स्वास्थ्य विभाग को समय पर नहीं दी गई थी।
समय पर सूचना मिलती तो शुरू हो सकता था इलाज
डॉ. सुकांत सीट के अनुसार, यदि बच्चों के बीमार होने की सूचना समय रहते स्वास्थ्य विभाग को मिल जाती, तो तत्काल उपचार शुरू कर उनकी स्थिति संभालने का प्रयास किया जा सकता था। उन्होंने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में माइक्रोप्लान के तहत प्रतिदिन मलेरिया की जांच की जा रही है। संक्रमित मरीजों की पहचान कर उन्हें जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।















