रांची: राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए झारखंड सरकार ने तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह में राज्य की 823 विकास योजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के व्यस्त मार्गों पर जाम की समस्या कम होने और आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है।
तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर होगा काम
शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाइओवर निर्माण, हरमू से डिबडीह पुल तक अरगोड़ा चौक एलिवेटेड रोड एवं फ्लाइओवर तथा विवेकानंद स्कूल मोड़ से हाईकोर्ट और विधानसभा होते हुए रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शामिल है।
पथ निर्माण विभाग की 62 योजनाओं पर 3034 करोड़ खर्च
कुल 823 योजनाओं में सबसे अधिक योजनाएं पथ निर्माण विभाग की हैं। विभाग की 62 योजनाओं पर 3,034.88 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, शहरी विकास एवं आवास विभाग की 24 योजनाओं के लिए 730.53 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इनमें धनबाद की टोपचांची झील का विकास, जमशेदपुर में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और साहिबगंज के बरहरवा में शहरी जलापूर्ति योजना शामिल है।
ग्रामीण सड़कों के विकास पर भी जोर
ग्रामीण कार्य विभाग की 148 योजनाओं पर 695.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम-जनमन के तहत होने वाले कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।















