महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को अब दूध की खरीदारी के लिए भी अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने सुधा ब्रांड के पाउच दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई दरें एक दिसंबर 2026 से लागू होंगी। इसके तहत पाउच वाले दूध की कीमत में तीन से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है।
पशु चारा और परिवहन खर्च बढ़ने से लिया फैसला
कॉम्फेड के सहायक महाप्रबंधक अमरेन्द्र ने बताया कि पिछले कुछ समय से पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च भी बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि उत्पादन लागत में लगातार इजाफा होने के कारण दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था। इसी को ध्यान में रखते हुए नई दरें निर्धारित की गई हैं।
दूध उत्पादक किसानों को भी मिलेगा बढ़ी कीमत का लाभ
कॉम्फेड ने कीमतों में बढ़ोतरी के साथ दूध उत्पादक किसानों और खुदरा विक्रेताओं के हितों का भी ध्यान रखा है। इसके तहत पशुपालकों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध के क्रय मूल्य में 2.26 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है।
इस फैसले से दूध उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। वहीं, खुदरा विक्रेताओं के मार्जिन में भी बढ़ोतरी की गई है।
एक दिसंबर से लागू होंगी नई दरें
सुधा दूध और दुग्ध उत्पादों की नई कीमतें एक दिसंबर 2026 से प्रभावी होंगी। ऐसे में महीने की शुरुआत से ही उपभोक्ताओं को दूध खरीदने के लिए पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा। इसका सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ सकता है।














