बंद हो चुकी एयरलाइन जेट एयरवेज के पूर्व कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) ने गुरुवार को कंपनी के परिसमापक (लिक्विडेटर) को कर्मचारियों के लंबित ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) के बकाये का भुगतान ब्याज सहित करने का निर्देश दिया है। इस मद में करीब 480 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना है।
दो सप्ताह के भीतर करना होगा भुगतान
एनसीएलएटी के आदेश के अनुसार, पात्र कर्मचारियों की ग्रेच्युटी की राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी। वहीं, भविष्य निधि (पीएफ) से संबंधित बकाया राशि पीएफ कार्यालय के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों के खातों में भेजी जाएगी। ट्रिब्यूनल ने पूरी भुगतान प्रक्रिया दो सप्ताह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है।
सात साल की कानूनी लड़ाई के बाद मिली राहत
जेट एयरवेज के कर्मचारियों के लिए यह फैसला एक बड़ी कानूनी जीत माना जा रहा है। कर्मचारी अपने वैधानिक बकाये की मांग को लेकर करीब सात वर्षों से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे। लंबे इंतजार के बाद आए इस आदेश से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है।
परिसमापन प्रक्रिया से अलग हैं कर्मचारियों के वैधानिक बकाये
इससे पहले भी विभिन्न न्यायिक फैसलों में यह स्पष्ट किया जा चुका है कि कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) से जुड़ी देनदारियां सामान्य परिसमापन प्रक्रिया से अलग होती हैं। ऐसे में कर्मचारियों के इन वैधानिक अधिकारों का भुगतान सुनिश्चित करना जरूरी है।















