रांची: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और एक समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित छापेमारी के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लिया है। आयोग की सदस्य प्रियांक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने झारखंड के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) को नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) सौंपने का निर्देश दिया गया है।
समाचार संस्थान के कार्यालय में छापेमारी का आरोप
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को 26 नवंबर को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक जनप्रतिनिधि के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) का मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित रूप से छापेमारी की गई थी। इस दौरान पत्रकारिता से जुड़े उपकरण जब्त किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, इस मामले की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसी कार्रवाई को लेकर आयोग से हस्तक्षेप की मांग की गई थी।
नाबालिग के अपहरण और धमकाने का भी आरोप
अभिषेक भारती पर सिमडेगा की एक नाबालिग को अगवा करने, डराने-धमकाने और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत गवाही दिलाने का आरोप है। हालांकि, शिकायतकर्ता ने पॉक्सो मामले की जांच प्रक्रिया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्षता से पड़ताल हो सके।
दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर झारखंड के मुख्य सचिव और डीजीपी से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग की कार्यवाही की प्रति भारत सरकार के गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त सचिव को भी भेजी गई है।
राज्य सरकार और पुलिस की रिपोर्ट पर टिकी नजर
अब इस मामले में राज्य सरकार और पुलिस विभाग की ओर से सौंपी जाने वाली रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी। दोनों अधिकारियों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा। फिलहाल आयोग के नोटिस के बाद पत्रकार की गिरफ्तारी और समाचार संस्थान के कार्यालय में कथित छापेमारी का मामला चर्चा में है।














