रांची: झारखंड सरकार की ओर से 28 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाने के फैसले के विरोध में आदिवासी संगठनों ने प्रस्तावित झारखंड बंद वापस ले लिया है। अब संगठनों ने इस दिन काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। ऑक्सीजन पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के प्रतिनिधियों ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि विरोध के तहत आदिवासी समुदाय के लोग अपने-अपने क्षेत्रों में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन भी किया जाएगा।
पुलिस हिरासत में प्रदर्शनकारियों को लिए जाने के बाद बदला फैसला
आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि पहले 28 नवंबर को झारखंड बंद का आह्वान किया गया था। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आने के बाद बंद वापस लेने का निर्णय लिया गया। अब बंद के बजाय शांतिपूर्ण तरीके से काला दिवस मनाकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
15 नवंबर को स्थापना दिवस नहीं मनाने पर जताई नाराजगी
संवाददाता सम्मेलन में राहुल तिकों, संगीता कच्छप, विवेक उरांव और आकाश तिकी ने कहा कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस नहीं मनाना भगवान बिरसा मुंडा, झारखंड की ऐतिहासिक पहचान और वीर शहीदों के बलिदान का अपमान है। उन्होंने राज्य की ऐतिहासिक अस्मिता का सम्मान करने और उससे खिलवाड़ बंद करने की मांग की।
विभिन्न जिलों के आदिवासी संगठनों से विरोध की अपील
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों के आदिवासी संगठनों से भी अपील की गई है। इस आंदोलन में आदिवासी बचाओ युवा मोर्चा, आदिवासी छात्र संघ, आदिवासी मूलवासी मंच और राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा समेत कई संगठन शामिल होंगे।
स्थापना दिवस समारोह को लेकर राजधानी में सुरक्षा सख्त
दूसरी ओर, आदिवासी संगठनों के काला दिवस और खेलगांव में आयोजित स्थापना दिवस समारोह को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शनिवार को राजधानी में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 15 डीएसपी भी शामिल रहेंगे। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और समारोह स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसएसपी कर रहे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी
राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एसएसपी सकेश रंजन कर रहे हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।















