
पारिवारिक पेंशन के नियमों पर केंद्र सरकार का बड़ा स्पष्टीकरण, जानें किसे मिलेगा पहला अधिकार
पेंशनभोगी की मृत्यु के बाद पारिवारिक पेंशन के एक से अधिक दावेदार होने या अलग-अलग परिस्थितियों में पात्रता को लेकर अक्सर असमंजस की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने कार्यालय ज्ञापन जारी कर पारिवारिक पेंशन से जुड़े नियमों और प्रावधानों को स्पष्ट किया है। इसका मुख्य उद्देश्य सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में पेंशन नियमों का एकसमान तरीके से पालन सुनिश्चित करना है।
जीवित पति या पत्नी को मिलेगी पहली प्राथमिकता
सरकार के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार, पारिवारिक पेंशन पर सबसे पहला अधिकार पेंशनभोगी के जीवित और वैध पति या पत्नी का होगा। इसमें सेवानिवृत्ति के बाद विवाह करने वाला जीवनसाथी भी शामिल है। हालांकि, इसके लिए केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 2021 में निर्धारित पात्रता संबंधी शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
गोद लिए और सौतेले बच्चों को भी मिलेगा लाभ
जीवनसाथी की मृत्यु होने या पारिवारिक पेंशन की पात्रता समाप्त होने के बाद नियमानुसार पात्र बच्चों को पेंशन का लाभ दिया जाएगा। इसमें गोद लिए गए और सौतेले बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा, पेंशनभोगी की मृत्यु या सेवानिवृत्ति के बाद जन्म लेने वाले बच्चे भी निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत पारिवारिक पेंशन पाने के हकदार होंगे।





