
फरवरी 2027 के पहले सप्ताह से शुरू हो सकती है जैक बोर्ड परीक्षा, 12 नवंबर से आवेदन

रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। संभावित कार्यक्रम के अनुसार, दोनों परीक्षाएं पांच फरवरी 2027 से शुरू हो सकती हैं। परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह तक संपन्न कराने की योजना है। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। जैक ने आवेदन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के भरे जाएंगे फॉर्म
जैक की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए 12 नवंबर से 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन भरे जाएंगे। वहीं, 27 नवंबर से चार दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों और संबंधित विद्यालयों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
फरवरी में ही परीक्षा संपन्न कराने की तैयारी
जैक इस बार मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं फरवरी 2027 में ही समाप्त करने की योजना बना रहा है। इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लक्ष्य है कि अप्रैल के अंत तक मैट्रिक और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के परिणाम प्रकाशित कर दिए जाएं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके।
7.50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना
झारखंड में वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में करीब 7.50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। इनमें मैट्रिक के लगभग 4.30 लाख परीक्षार्थी होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट के कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों को मिलाकर करीब 3.30 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इसी के आसपास रही है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा
मैट्रिक और इंटरमीडिएट के अलावा जैक फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा भी आयोजित करेगा। ये परीक्षाएं ओएमआर शीट के माध्यम से ली जाएंगी। नौवीं और 11वीं की परीक्षाएं मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित करने की तैयारी है।
31 मार्च से पहले जारी करना होगा परीक्षा परिणाम
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आठवीं, नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर सरकार ने भी समयसीमा निर्धारित की है। जैक को निर्देश दिया गया है कि इन कक्षाओं की परीक्षा और परिणाम प्रकाशन की प्रक्रिया 31 मार्च 2027 से पहले पूरी कर ली जाए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के अगली कक्षा में नामांकन और प्रोन्नति की प्रक्रिया को समय पर पूरा करना है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा परिणाम में देरी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए और उनका शैक्षणिक नुकसान नहीं होना चाहिए।




