
चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, CM हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिया विकास का निर्देश

चांडिल: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान वे डैम की विहंगम प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से काफी प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम को झारखंड के पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाने और इसे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
डैम के बहुआयामी विकास को लेकर अधिकारियों से चर्चा
धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने, जल प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इन संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिया कि यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को अधिक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

पर्यावरण संरक्षण के साथ तैयार होगा विकास का ब्लूप्रिंट
मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम और उसके आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए इसे बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।



