
साइक्लोन अर्नब का असर: रांची समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित, बहाली के लिए युद्धस्तर पर काम
तेज हवा और पेड़ गिरने से पोल-तार क्षतिग्रस्त, नामकुम ग्रिड में तकनीकी खराबी के बाद कई क्षेत्रों में बिजली संकट; JUVNL ने अधिकारियों को फील्ड में रहने का दिया निर्देश

रांची: साइक्लोन अर्नब के असर से झारखंड के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है. तेज हवा और बारिश के कारण कई जगह पेड़ और डालियां गिरने से बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं. बिजली आपूर्ति को जल्द सामान्य करने के लिए झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (JUVNL) ने निगरानी बढ़ा दी है और प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर मरम्मत का काम कराया जा रहा है.
रांची और चास में ज्यादा असर
शुक्रवार को JUVNL मुख्यालय में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के. श्रीनिवासन की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बिजली आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गयी.
बैठक में बताया गया कि रांची और बोकारो के चास इलाके में बिजली व्यवस्था ज्यादा प्रभावित हुई है. चास में पेड़ गिरने के कारण कई फीडर बंद हो गये. वहीं, रांची में तेज हवाओं से बड़े पेड़ और उनकी डालियां गिरने के कारण कई जगह पोल और बिजली के तार टूटे हैं.
नामकुम ग्रिड की तकनीकी खराबी से भी आपूर्ति प्रभावित
रांची में 132/33 केवी नामकुम ग्रिड में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद मरम्मत के लिए ग्रिड को बंद रखना पड़ा. इसका असर जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पर पड़ा.
हटिया, मेन रोड, चुटिया, नामकुम, कुसई कॉलोनी, खेलगांव, कोकर, विकास, टाटीसिलवे, सिल्ली, बरियातू, एगरामसीएच, एयरपोर्ट और बूटी मोड़ समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही.
विभागीय अधिकारियों की ओर से अलग-अलग इलाकों में हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.
अधिकारियों को फील्ड में रहने का निर्देश
बिजली व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के लिए CMD ने रांची के सभी पावर सप्लाई सिस्टम (PSS) और फीडरों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है. नामित अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों का दौरा करने और देर रात तक अपने-अपने PSS में मौजूद रहने को कहा गया है.
अधिकारियों और कर्मचारियों को युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया है.
बिजली की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
बिजली से जुड़ी समस्या होने पर लोग इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं:
सेंट्रलाइज्ड कॉल सेंटर:
9031111021, 18003456570, 1912, 9431135503
जन समस्या निवारण केंद्र:
9031111018, 9031111019, 9031111020
झुके पेड़ की सूचना भी दें
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं पेड़, पेड़ की बड़ी डालियां या झुके हुए पेड़ दिखाई दें, तो तत्काल इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर दें, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके.
फिलहाल बिजली विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में मरम्मत और बहाली के काम में जुटी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.




