निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत, चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला शव
भूपतवाला क्षेत्र में चाय का खोखा चलाकर कर रहा था गुजर-बसर, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मामले की जांच जारी

हरिद्वार: चर्चित निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की हरिद्वार में मौत हो गयी। शुक्रवार को भूपतवाला क्षेत्र में एक चाय के खोखे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार के भूपतवाला इलाके में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह पास में ही चाय का खोखा लगाकर अपना गुजारा कर रहा था।
शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को चाय के खोखे के अंदर कुछ असामान्य नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अंदर सुरेंद्र कोली का शव लटका हुआ मिला।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि सुरेंद्र कोली का नाम निठारी कांड में सामने आया था। इस मामले में वह आरोपी रहा था। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने निठारी कांड से जुड़े मामलों में कोली को बरी कर दिया था।




