
Jharkhand Weather: रांची समेत 18 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा; 18 सितंबर को पूरे राज्य में येलो अलर्ट

रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के असर से 17 सितंबर को राज्य के 18 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, 18 सितंबर को भी मौसम का असर कम होने के संकेत नहीं हैं। इस दिन झारखंड के सभी जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
थाइलैंड के ऊपर बना सिस्टम भी डालेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी थाइलैंड के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके 18 सितंबर की शाम तक उत्तरी अंडमान सागर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 19 सितंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।
इस मौसम प्रणाली का असर आने वाले तीन से चार दिनों में झारखंड और ओडिशा में देखने को मिल सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
रांची में चली तेज हवा, कई जिलों में हुई बारिश
बुधवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। लोहरदगा में सबसे ज्यादा 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा रांची और मेदिनीनगर में 2-2 मिमी, बोकारो में 9 मिमी, हजारीबाग में 3 मिमी, सिमडेगा में 4 मिमी और लातेहार में 2 मिमी बारिश हुई।
रांची में दोपहर के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों से सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।




