
उद्योग मंत्री संजय यादव से मिले ऑस्ट्रेलियन कांसुल जनरल बर्नार्ड लिंच, झारखंड में निवेश पर हुई चर्चा
ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को झारखंड के खनन और औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने पर मंथन, मंत्री को ऑस्ट्रेलिया आने का मिला निमंत्रण

रांची: झारखंड में विदेशी निवेश की संभावनाओं को लेकर बुधवार को उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव से ऑस्ट्रेलियन कांसुलेट जनरल, कोलकाता के बर्नार्ड लिंच ने मुलाकात की. मंत्री के कार्यालय में हुई इस बैठक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों को और मजबूत करने के साथ झारखंड में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के निवेश को लेकर चर्चा हुई.
खनन और उद्योग में निवेश की संभावनाओं पर मंथन
बैठक के दौरान झारखंड के खनन, उद्योग और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के लिए निवेश के अवसरों पर विस्तार से बातचीत की गई.
दोनों पक्षों के बीच इस बात पर भी चर्चा हुई कि राज्य में निवेश बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं. झारखंड के औद्योगिक विकास में विदेशी कंपनियों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर संभावनाओं पर विचार किया गया.
मंत्री को ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण
मुलाकात के बाद उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों के निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं.
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान उन्हें ऑस्ट्रेलिया आने का निमंत्रण भी दिया गया है. इस यात्रा के दौरान झारखंड में निवेश की संभावनाओं और दोनों देशों के बीच औद्योगिक सहयोग को लेकर आगे बातचीत की जा सकती है.
निवेश से रोजगार बढ़ाने पर जोर
बैठक में निवेश के साथ-साथ राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी फोकस रहा. ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों की संभावित भागीदारी से झारखंड के खनन और औद्योगिक क्षेत्र में नई परियोजनाओं और सहयोग के रास्ते खुलने की उम्मीद जताई गई.




