
रांची में HEC अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, पुलिस के बल प्रयोग में युवती घायल
दूसरे दिन कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने किया विरोध, पत्थरबाजी के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात; पार्षद नीलम चौधरी हिरासत में

रांची: HEC क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह करीब 10 बजे प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन अभियान शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
प्रशासन की ओर से लोगों को समझाने और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने और अभियान में किसी तरह की बाधा नहीं डालने को कहा। हालांकि, काफी देर तक समझाने के बाद भी विरोध जारी रहा और मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
पत्थरबाजी के बाद बढ़ा तनाव
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों के घायल होने की बात सामने आई। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसी दौरान एक युवती के घायल होने की जानकारी सामने आई है। युवती की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पार्षद नीलम चौधरी हिरासत में
विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने पार्षद नीलम चौधरी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। फिलहाल प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




