
झारखंड-ऑस्ट्रेलिया के बीच साझेदारी बढ़ाने पर जोर, कौशल शिक्षा से लेकर पर्यटन तक सहयोग पर चर्चा

ऑस्ट्रेलियाई कॉन्सुल जनरल बर्नार्ड लिंच ने रांची में की मुलाकात, खनिज, तकनीक, खेल और आदिवासी संस्कृति समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर हुई बातचीत
रांची: झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग की संभावनाओं को लेकर रांची में महत्वपूर्ण बातचीत हुई। ऑस्ट्रेलियाई कॉन्सुल जनरल बर्नार्ड लिंच ने रांची में मुलाकात की और झारखंड के साथ साझेदारी को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की।

बैठक में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा, तकनीक एवं इनोवेशन, खनिज संसाधन, खेल और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों पर बातचीत हुई। इसके अलावा झारखंड और ऑस्ट्रेलिया की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को लेकर भी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

बातचीत में झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों, मानव संसाधन और आदिवासी विरासत को ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता, संस्थानों और उद्योगों से जोड़ने के अवसरों पर जोर दिया गया।
इस मुलाकात को दोनों क्षेत्रों के बीच सहयोग के नए रास्ते तलाशने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में झारखंड-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी को और मजबूत करने के लिए इन क्षेत्रों में आगे काम करने की उम्मीद जताई गई है।





