रांची में 24 घंटे में 56 मिमी बारिश, आज छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; गुरुवार से सुधरेगा मौसम

0
85
Share This Post
लो प्रेशर के असर से झारखंड में जारी बारिश, गढ़वा-पलामू समेत छह जिलों में येलो अलर्ट; राज्य में अब भी सामान्य से 12% कम बारिश

रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और झारखंड के ऊपर सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम के कारण राज्य में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में रांची में 56 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो राज्य में सबसे अधिक रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में मॉनसूनी बादलों का सिस्टम झारखंड और बिहार से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके कमजोर पड़ने के साथ गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।

छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार के लिए झारखंड के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी रांची में बुधवार को आसमान में बादल छाये रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

बारिश से जनजीवन प्रभावित

लगातार हो रही बारिश के कारण कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण नदियों और डैमों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। प्रशासन की ओर से जलजमाव वाले इलाकों और जलस्रोतों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

रांची में सामान्य से थोड़ी अधिक बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 19 अगस्त 2026 के बीच रांची में सामान्य से करीब एक प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इस अवधि में रांची में सामान्य बारिश 707.7 मिमी मानी जाती है, जबकि अब तक 713.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है।

झारखंड में अब भी 12% बारिश की कमी

हालांकि राजधानी में बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर है, लेकिन पूरे झारखंड की स्थिति अलग है। राज्य में मॉनसून के दौरान अब तक सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 1 जून से 19 अगस्त तक झारखंड में सामान्य बारिश का आंकड़ा 689.8 मिमी है, जबकि अब तक करीब 606.1 मिमी बारिश दर्ज की गयी है।

गुरुवार से मौसम में सुधार के संकेत

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मॉनसून सिस्टम अगले 12 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर हो सकता है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है। यानी बुधवार को कुछ इलाकों में भारी बारिश का खतरा बना रहेगा, लेकिन गुरुवार से झारखंड के कई हिस्सों में मौसम साफ होने की संभावना है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here