जलस्तर क्षमता तक पहुंचने पर अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू, रूक्का डैम में 29 फीट पानी; 16 अगस्त को 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश का असर अब शहर के जलाशयों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कांके डैम का जलस्तर अधिकतम क्षमता के करीब पहुंचने के बाद शुक्रवार को फाटक नंबर-1 को छह इंच खोल दिया गया। फाटक खोले जाने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू हो गई है।
कांके डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 28 फीट है। लगातार बारिश और पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए फाटक खोला गया है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल छह इंच फाटक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा और डैम में पानी की आवक बढ़ी, तो फाटक को और खोला जा सकता है।
स्वर्णरेखा डैम के रास्ते रूक्का पहुंचेगा पानी
कांके डैम से छोड़ा जा रहा पानी स्वर्णरेखा डैम के रास्ते रूक्का डैम तक पहुंचेगा। रूक्का डैम की अधिकतम क्षमता 36 फीट है, जबकि फिलहाल वहां करीब 29 फीट पानी है। यानी रूक्का डैम में अभी लगभग सात फीट पानी की गुंजाइश है। कांके डैम से पानी छोड़े जाने के बाद रूक्का डैम के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
पिछले साल चार बार खोला गया था फाटक
बारिश के मौसम में कांके डैम का फाटक पहले भी कई बार खोला जा चुका है। पिछले साल डैम का फाटक चार बार खोलना पड़ा था। इस साल भी मानसून के दौरान लगातार बारिश होने के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
हटिया डैम में अभी 10 फीट की गुंजाइश
दूसरी ओर, हटिया डैम में फिलहाल स्थिति सामान्य है। इसकी अधिकतम जलधारण क्षमता 39 फीट है, जबकि वर्तमान जलस्तर करीब 29 फीट दर्ज किया गया है। यानी हटिया डैम में अभी लगभग 10 फीट पानी की गुंजाइश मौजूद है।
15 अगस्त को रांची में छाए रहेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 अगस्त को रांची समेत झारखंड के करीब 20 जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ समय के लिए धूप भी निकल सकती है। वहीं सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
16 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 16 अगस्त को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की भी संभावना है। 17 अगस्त को पलामू, चतरा, हजारीबाग, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 19 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
झारखंड में सामान्य से 18% कम बारिश
आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 14 अगस्त तक झारखंड में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं रांची में इस अवधि में सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
शुक्रवार को जगन्नाथपुर में 22 मिमी, रांची में चार मिमी, मेदिनीनगर में 11 मिमी, बोकारो में पांच मिमी, खूंटी में सात मिमी और लोहरदगा में छह मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं कांके में 12 घंटे के दौरान 46 मिमी बारिश हुई।
बारिश से रांची का तापमान गिरा
लगातार बारिश के कारण रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री गिरकर 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

