उत्तराखंड टनल हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने धामी से की बात, झारखंड के 5 श्रमिक घायल

0
127
Share This Post

हादसे के बाद झारखंड सरकार अलर्ट, प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हेल्पलाइन जारी; सीएम ने सुरक्षित वापसी का भरोसा दिलाया

रांची। उत्तराखंड में निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद झारखंड सरकार ने मामले को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर हादसे की स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। साथ ही झारखंड के श्रमिकों की स्थिति को लेकर भी जानकारी हासिल की गयी है।

हादसे में झारखंड के पांच श्रमिकों के घायल होने की जानकारी सामने आयी है। घायलों में 22 वर्षीय खेला राम, 26 वर्षीय दीना बेंगरा, 24 वर्षीय निस्तर मेगरा, 46 वर्षीय विनोद रायना और 27 वर्षीय हबील गुड़िया शामिल हैं। सभी घायल झारखंड के अलग-अलग इलाकों से संबंधित बताए जा रहे हैं।

हादसे में पांच लोगों की मौत

टनल हादसे में पांच लोगों की मौत की भी सूचना है। मृतकों में प्रदीप पंवार, मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय और जितेंद्र के नाम सामने आए हैं। हादसे के बाद मौके पर रेस्क्यू टीम लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई है।

सात महीने में दूसरी बड़ी घटना

बताया जा रहा है कि इसी परियोजना की सुरंग में करीब सात महीने पहले भी एक बड़ा हादसा हुआ था। 31 दिसंबर 2025 को सुरंग के भीतर दो लोको ट्रेन आपस में टकरा गयी थीं। उस घटना में करीब 60 अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर घायल हुए थे। हादसे के वक्त सुरंग के अंदर 100 से ज्यादा लोग काम कर रहे थे। घटना के बाद निर्माण कार्य को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने निर्माणाधीन सुरंगों में श्रमिकों की सुरक्षा और परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CM हेमंत ने जतायी चिंता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन सुरंगों में बार-बार हादसों और श्रमिकों के फंसने की खबरें बेहद पीड़ादायक हैं। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन का भी ध्यान रखना होगा।

सीएम ने झारखंड के उन लोगों से अपील की है जिनके परिजन या परिचित उत्तराखंड की इस परियोजना में काम करने गये हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की जानकारी के लिए राज्य सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हादसे में प्रभावित झारखंड के श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

झारखंड सरकार ने जारी की हेल्पलाइन

प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए झारखंड सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

टोल फ्री हेल्पलाइन:
1800-3456-526

व्हाट्सऐप हेल्पलाइन:
9470132591
9431336472
9431336427

राज्य सरकार की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि संबंधित श्रमिकों के बारे में किसी भी जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here