सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से मोराबादी तक कई मार्ग रहेंगे नो-व्हीकल जोन, जतरा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को राजधानी रांची में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। शहर में निकलने वाली भव्य ‘जतरा’ और संभावित भीड़ को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
जतरा जेल चौक से शुरू होकर करमटोली चौक, एसएसपी आवास मोड़ और गुटका चौक होते हुए बापू वाटिका, मोराबादी तक पहुंचेगी। इस दौरान संबंधित मार्गों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक वाहनों की नो-एंट्री
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के मुताबिक, 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जतरा के दौरान जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका, मोराबादी तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
हालात और भीड़ को देखते हुए पुलिस अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट या उनका परिचालन रोक सकती है।
कहां होगी वाहनों की पार्किंग?
यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोराबादी: खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए यहां पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। शहर के धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित मार्ग से यहां पहुंचाया जाएगा।
टीआरआई मैदान: बोड़या रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को टीआरआई मैदान में पार्क कराया जाएगा।
डीआईजी मैदान, बरियातू: टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए डीआईजी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने की ये अपील
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से 9 अगस्त को जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोराबादी के आसपास चारपहिया वाहन लेकर जाने से बचने की अपील की है। जरूरी या विशेष परिस्थिति में ही इन इलाकों में चारपहिया वाहन लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
यात्रियों को परेशानी और जाम से बचने के लिए घर से निकलने से पहले निर्धारित ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग चुनने की सलाह दी गई है।

