सिर्फ ‘HI’ भेजते ही खाते से उड़ गए ₹7.65 लाख, साइबर पुलिस ने 40 दिन में लौटाए ₹7 लाख से ज्यादा
बैंक अधिकारी बनकर ठगों ने बुजुर्ग को बनाया निशाना। व्हाट्सएप के जरिए मोबाइल पर कब्जा कर खाते और क्रेडिट कार्ड से लाखों रुपये उड़ाए।

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 82 वर्षीय एक बुजुर्ग को बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले साइबर अपराधियों ने महज “HI” लिखकर व्हाट्सएप पर भेजने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने मैसेज भेजा, ठगों ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही घंटों में 7 लाख 65 हजार रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दे दिया।
पीड़ित नागेंद्र कुमार सिन्हा ने घटना के तुरंत बाद बोकारो साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर पुलिस ने बैंकिंग नेटवर्क और तकनीकी एजेंसियों के सहयोग से जांच शुरू की।
मुख्यालय डीएसपी एवं साइबर नोडल पदाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई के चलते 40 दिनों के भीतर 7 लाख रुपये से अधिक की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई है। शेष राशि की रिकवरी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, व्हाट्सएप मैसेज, लिंक या बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली बातचीत पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से इस तरह की प्रक्रिया नहीं कराते।
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे बिना देरी किए नजदीकी साइबर थाना या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।




