सरकार रणनीतिक गैस भंडारण योजना पर कर रही विचार। नया शुल्क लागू होने पर LPG और PNG उपभोक्ताओं पर बढ़ सकता है अतिरिक्त बोझ।

नई दिल्ली: घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए आने वाले दिनों में गैस सिलेंडर महंगा हो सकता है। केंद्र सरकार रणनीतिक ईंधन भंडारण को मजबूत करने की योजना के तहत एलपीजी (LPG) और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पर अतिरिक्त शुल्क लगाने पर विचार कर रही है।सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत रसोई गैस पर प्रति किलोग्राम और पीएनजी पर प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी होने की संभावना है, वहीं PNG उपभोक्ताओं के मासिक बिल पर भी इसका असर पड़ सकता है।
सरकार का उद्देश्य देश में LPG और प्राकृतिक गैस का रणनीतिक भंडार (Strategic Reserve) तैयार करना है, ताकि वैश्विक संकट, आपूर्ति में बाधा या अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के दौरान देश की ऊर्जा सुरक्षा बनी रहे।बताया जा रहा है कि इस परियोजना पर अगले 10 वर्षों में अरबों डॉलर का निवेश किया जाएगा। हालांकि, अभी इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। सरकार विभिन्न पहलुओं पर विचार कर रही है और मंजूरी मिलने के बाद ही नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह योजना लागू होती है तो अल्पकाल में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ सकता है, लेकिन दीर्घकाल में देश की ऊर्जा सुरक्षा और गैस आपूर्ति को मजबूत करने में यह कदम अहम साबित हो सकता है।

