शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश के बाद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां बहाल, छात्र संगठनों ने मांगों पर दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम।

रांची: दो दिनों तक बंद रहने के बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) शनिवार से फिर खुल गया है। विश्वविद्यालय खुलने के साथ ही निर्धारित नामांकन प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी दोबारा शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शिक्षकों और कर्मचारियों ने 23 जुलाई को छात्र नेताओं द्वारा कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में दो दिनों का सामूहिक अवकाश लिया था। हालांकि अब विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने शैक्षणिक कार्यों को सामान्य करने का फैसला लिया है। आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए रविवार को भी विश्वविद्यालय खुला रहेगा और नामांकन सहित जरूरी प्रक्रियाएं जारी रहेंगी।
इधर, शुक्रवार को भी कई छात्र नेता विश्वविद्यालय परिसर के आसपास मौजूद रहे। इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने हंगामे और विवाद के मामले में लालपुर थाना में छात्र नेताओं और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। घटना से जुड़े CCTV फुटेज, फोटो और वीडियो भी पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
वहीं, छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे उच्च स्तर पर आंदोलन तेज करेंगे। छात्र संगठन विभिन्न विषयों में सीटों की कटौती समेत अन्य मुद्दों को लेकर लगातार विरोध जता रहे हैं।
फिलहाल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं, जबकि प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच तनाव की स्थिति अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

