झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टूअर्ड और ग्राउंड हैंडलिंग से जुड़े डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।

रांची: झारखंड के युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट (JFI) ने एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टूअर्ड और ग्राउंड हैंडलिंग से जुड़े डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की घोषणा की है। इन कोर्सों का उद्देश्य राज्य के युवाओं को उद्योग आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
संस्थान के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 16 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन मेरिट, व्यक्तिगत साक्षात्कार, अंग्रेजी संचार कौशल, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। कक्षाएं जल्द शुरू होने की संभावना है।
दो तरह के कोर्स उपलब्ध
संस्थान द्वारा छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स तथा एक वर्ष का डिप्लोमा कोर्स संचालित किया जाएगा। प्रत्येक कोर्स में सीमित सीटें उपलब्ध हैं और विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए सीटों का प्रावधान भी किया गया है।
योग्यता और आयु सीमा
इन कोर्सों के लिए अभ्यर्थी का किसी भी विषय से 10+2 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना भी अनिवार्य होगा।
कोर्स फीस
छह माह के सर्टिफिकेट कोर्स की फीस ₹1,00,500 तथा एक वर्ष के डिप्लोमा कोर्स की फीस ₹1,55,500 तय की गई है। इस फीस में पंजीकरण, अध्ययन सामग्री, यूनिफॉर्म, परीक्षा शुल्क, ग्रूमिंग किट, स्विमिंग और फिटनेस प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
रोजगार बढ़ाने पर जोर
झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का मानना है कि इन प्रोफेशनल कोर्सों के माध्यम से राज्य के युवाओं को देश और विदेश के एविएशन उद्योग में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। संस्थान ने भविष्य में छात्रवृत्ति की संभावना से भी इनकार नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट ने इससे पहले राज्य का पहला कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किया था। अब नए एविएशन कोर्सों के साथ राज्य में कौशल विकास और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

