
Jharkhand Weather Update: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर कामजोर , बारिश से रांची का तापमान 7 डिग्री से ज्यादा गिरा

झारखंड में चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने के बावजूद बारिश का सिलसिला जारी है। आंध्र प्रदेश से गुजरने के बाद यह तूफान फिर छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर पहुंच गया है। इसके प्रभाव से 29 अक्टूबर को भी राज्य के कई हिस्सों में दिन और रात रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
तीन दिनों की बारिश से बढ़ी ठंड, चलने लगी सर्द हवाएं
राज्य में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है। हल्की ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सिहरन महसूस होने लगी है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को अब गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।
रांची के तापमान में सात डिग्री से अधिक की गिरावट
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से राजधानी रांची के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान नीचे आ गया है।
28 अक्टूबर को रांची के अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी, जबकि न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे आया था। इसके बाद 29 अक्टूबर को अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
राज्य के लगभग सभी जिलों में गिरा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम के इस बदलाव से राज्य में सर्दी की शुरुआत महसूस होने लगी है।




