135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन मुकाबले से पहले रांची में फुटबॉल का उत्साह चरम पर है। पहले दिन 12,256 ‘जीरो टिकट’ वितरित किए गए। पहले मैच के लिए कुल 25 हजार टिकट उपलब्ध हैं, जबकि शेष टिकट चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे।

रांची: 135वें डूरंड कप-2026 के आगाज से पहले राजधानी रांची में फुटबॉल का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले के लिए बुधवार से ‘जीरो टिकट’ यानी निशुल्क टिकटों का वितरण शुरू हुआ, जहां पहले ही दिन 12,256 टिकट फुटबॉल प्रेमियों को जारी किए गए। आयोजन समिति के अनुसार, पहले मुकाबले के लिए कुल 25,000 टिकट उपलब्ध हैं। बचे हुए टिकट 23 जुलाई को वितरित किए जाएंगे। यदि इसके बाद भी टिकट शेष रहते हैं, तो 25 और 26 जुलाई को भी उनका वितरण किया जाएगा। टिकट ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जा रहे हैं।
टिकट वितरण को सुचारु बनाने के लिए स्टेडियम परिसर में कुल 12 काउंटर बनाए गए हैं। इनमें गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर 23 के पास 2 अतिरिक्त काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को टिकट लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। पहले दिन टिकट लेने पहुंचे फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि निशुल्क टिकट मिलने से बड़ी संख्या में दर्शकों को विश्वस्तरीय फुटबॉल मुकाबलों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। कई लोगों ने इसे झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि 26 जुलाई को शाम 5 बजे उद्घाटन मुकाबले के साथ डूरंड कप-2026 का आगाज होगा। सुरक्षा, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, टिकट वितरण और दर्शकों की अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का हिस्सा बनें।

