जिन शहरी मतदाताओं को अभी तक SIR गणना प्रपत्र नहीं मिला है या जिन्होंने फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 18 और 20 जुलाई को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। जिन मतदाताओं को अभी तक SIR गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वे अपने मतदान केंद्र पहुंचकर फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं और वहीं भरकर तुरंत जमा भी कर सकते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं के पास गणना प्रपत्र है लेकिन उन्होंने अब तक उसे जमा नहीं किया है, वे भी विशेष शिविर में पहुंचकर अपना भरा हुआ प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं ने पहले ही अपना SIR गणना प्रपत्र BLO को जमा कर दिया है या ECINET/Voters’ Service Portal के माध्यम से सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है।
इसके अलावा, विदेशी नागरिक या भारतीय नागरिकता छोड़ चुके व्यक्ति यदि उनके पास SIR का एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म है, तो उसे बिना भरे या हस्ताक्षर किए सीधे संबंधित BLO को वापस कर दें। निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि समय पर प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

