झारखंड में सड़क परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सख्त, दो महीने में प्रमुख कार्य पूरे करने के निर्देश

0
130
Share This Post

Hemant Soren Reviews Road Projects, Warns Officials Over Delay

रांची | 15 जुलाई 2026

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्यभर में चल रही सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सभी निर्माण परियोजनाओं का अद्यतन डेटाबेस और जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से तैयार किया जाए, ताकि प्रत्येक परियोजना की लागत, प्रगति और समय-सीमा की पारदर्शी निगरानी हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे जवाबदेही बढ़ेगी और विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग संभव होगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था तथा सड़क गुणवत्ता सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में खराब सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समीक्षा बैठक में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची सहित राज्य की कई लंबित सड़क, फ्लाईओवर और पुल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुछ प्रमुख परियोजनाओं को अगले दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक सहित अन्य नई परियोजनाओं की भी समीक्षा की और पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत बनाने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here