मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को दी अंतिम श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक

0
104
Share This Post

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक के निधन से झारखंड ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और जनहित के प्रति समर्पित नेता को खो दिया है। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी और उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here