रांची-टाटा NH-33 पर रोड रेज, कार में तोड़फोड़ के बाद दोनों पक्षों ने किया समझौता

रांची: रांची-टाटा NH-33 पर हुए रोड रेज मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बावजूद पीड़ित पक्ष ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया था। इसलिए मामला आपसी सहमति से समझौते के आधार पर निपटा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को दोपहर 12:39 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन डिजायर कार का पीछा कर रही है। सूचना मिलते ही मोटरसाइकिल दस्ता छह मिनट के भीतर और गश्ती दल व दशम फॉल थाना प्रभारी करीब दस मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बुंडू सूर्य मंदिर के पास दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर के बाद विवाद हुआ था। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने तैमारा मोड़ के पास डिजायर कार को रोककर उसके आगे के शीशे और दरवाजे के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।
पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक और उसके साथी को थाना बुलाकर पूछताछ की। जांच के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी और बाद में लिखित समझौता पत्र प्रस्तुत कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला पक्ष ने बार-बार अनुरोध के बावजूद FIR दर्ज कराने से इनकार किया। उनका कहना था कि आरोपी कम उम्र के हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई से उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है। साथ ही महिला ने स्वयं को एक प्रतिष्ठित कलाकार बताते हुए कहा कि वह भी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहतीं।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के समय भी पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद ही मामले का निपटारा किया गया।

