Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से झारखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 6 से 9 जुलाई के बीच रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है।

रांची: झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने गहरे निम्न दबाव (डिप्रेशन) का असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रांची समेत आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 6 जुलाई को गुमला, रांची, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 7 से 9 जुलाई के बीच संताल परगना और राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में भी भारी वर्षा के आसार हैं।
राज्यभर में जारी है बारिश का दौर
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हटगम्हरिया में 32.6 मिमी, गुड़ाबांधा में 27.2 मिमी, मझगांव में 25.4 मिमी और रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में 12.4 मिमी बारिश हुई।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
डालटनगंज रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री, जमशेदपुर का 30.2 डिग्री, बोकारो का 35.4 डिग्री और चाईबासा का 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

