बाबा मंदिर में दर्शन के नियम बदलेंगे, गर्भगृह में मोबाइल ले जाना होगा मना

0
115
Share This Post

बाबा बैद्यनाथ धाम में सालभर अर्घा सिस्टम लागू करने की तैयारी तेज हो गई है। दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए गर्भगृह में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव है। इस संबंध में डीसी की बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

Baba Baidyanath Dham: राजकीय श्रावणी मेला 2026 और बाबा बैद्यनाथ मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुगम जलार्पण, भीड़ प्रबंधन, शीघ्र दर्शनम और वीआईपी पूजा व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। डीसी ने कहा कि बाबा मंदिर की गरिमा के अनुरूप श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सालभर बाह्य अर्घा सिस्टम लागू करने पर सहमति

बैठक में बाबा मंदिर परिसर में पूरे वर्ष बाह्य अर्घा सिस्टम लागू करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। साथ ही गर्भगृह के भीतर श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव को भी अधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों और प्रबुद्धजनों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इससे मंदिर की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई गई।

फुटओवर ब्रिज और क्लॉक रूम पर भी हुई चर्चा

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए फुटओवर ब्रिज, क्लॉक रूम, सुरक्षित प्रवेश एवं निकास मार्ग और जलार्पण व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने दिए सुझाव

बैठक के दौरान पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने मंदिर व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। उपायुक्त ने सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के अंत में सभा की ओर से उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा गया।

बैठक में ये रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, बाबा मंदिर प्रभारी सह एसडीओ रवि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, सरदार पंडा, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, महामंत्री निर्मल झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सभा के सदस्य उपस्थित रहे।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here