झारखंड दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मजबूती पर मंथन

0
99
झारखंड दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मजबूती पर मंथन
झारखंड दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन मजबूती पर मंथन
Share This Post

रांची | अबुआ न्यूज़ झारखंड ब्यूरो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा है। राजधानी रांची पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और चंपाई सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन ने बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड उनकी जन्मभूमि है और यहां आना उनके लिए घर लौटने जैसा अनुभव है। उन्होंने राज्य के विकास और संगठन को मजबूत बनाने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों और पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। बैठकों में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीति और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग सत्रों में भी विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान भाजपा की ओर से ‘प्रबुद्धजन संवाद’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा की गई। कार्यक्रम में राज्य के विकास, सुशासन और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए गए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्यसभा की आगामी सीटों के चुनाव से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी को संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक समन्वय के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा के सहयोगी दलों के नेताओं ने भी नितिन नवीन से मुलाकात की। इनमें आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, जदयू विधायक सरयू राय, आजसू विधायक निर्मल महतो, लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और विधायक जनार्दन पासवान शामिल रहे। सभी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन और गठबंधन की मजबूती पर चर्चा की।

रविवार को नितिन नवीन के बोकारो जाने का कार्यक्रम है। इसके अलावा वे रांची लौटकर जिला अध्यक्षों, प्रभारियों और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here