Special Voter Mapping Camp Across Ranchi on June 6-7; Unmapped Voters Asked to Visit Booths
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 6 जून (शनिवार) और 7 जून (रविवार) को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग की जाएगी ताकि निर्वाचन नामावली को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बीएलओ सुपरवाइजर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने बताया कि दोनों दिनों में सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे। वहीं जनगणना कार्य में लगे बीएलओ सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपलब्ध रहकर मतदाताओं की मैपिंग करेंगे।
बैठक में बीएलओ सुपरवाइजर्स को निर्देश दिया गया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मियों की नियमित निगरानी करें और अधिक से अधिक अनमैप्ड मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने का प्रयास करें।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र एवं अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे 6 और 7 जून को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें और अपनी मैपिंग अवश्य कराएं। प्रशासन का कहना है कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही यह अभियान सफल हो सकेगा।



