भोजूडीह से बोकारो स्टील सिटी के बीच नई रेल सेवा को मंजूरी, छात्रों, कर्मचारियों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा फायदा

बोकारो: बोकारो के इस्पात नगर रेलवे स्टेशन के लिए चार दशक का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। अब तक केवल मालगाड़ियों के संचालन के लिए उपयोग किए जाने वाले इस स्टेशन पर पहली बार नियमित यात्री ट्रेन का ठहराव होगा। रेलवे बोर्ड ने भोजूडीह-बोकारो स्टील सिटी के बीच नई यात्री रेल सेवा को मंजूरी दे दी है।
नई ट्रेन (58035/58036) सप्ताह में पांच दिन संचालित होगी। यह सेवा रविवार और गुरुवार को छोड़कर नियमित रूप से चलेगी। ट्रेन भोजूडीह से चलकर शेवबाबूडीह, तलगरिया, बांधडीह, चास और इस्पात नगर होते हुए बोकारो स्टील सिटी पहुंचेगी।
इस नई रेल सेवा से चास, चंदनकियारी और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक इन इलाकों के लोग बस और साझा वाहनों पर निर्भर थे।
वर्तमान में सड़क मार्ग से भोजूडीह से बोकारो की लगभग 40 से 45 किलोमीटर की यात्रा में करीब पांच घंटे का समय और लगभग 200 रुपये का खर्च आता है। नई ट्रेन शुरू होने के बाद यही सफर करीब एक घंटे में पूरा होने की संभावना है, जबकि अनुमानित किराया 15 से 20 रुपये के बीच हो सकता है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस सेवा से स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी, समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

