रांची: झारखंड के रांची जिले के तमाड़ क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 17 दिन बाद खुलासा करने का दावा किया है। 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से बरामद सिरकटी और आंशिक रूप से जली लाश की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर जलाया शव
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान मिटाने के इरादे से मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया और शव को आग के हवाले कर जंगल में फेंक दिया। सिर गायब होने के कारण शुरुआती जांच पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रही और मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी। पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और मौका मिलते ही संजय लोहरा की हत्या कर दी। वारदात के बाद सिर को अलग स्थान पर छिपा दिया गया, जबकि धड़ को जलाकर जंगल में फेंक दिया गया ताकि पहचान न हो सके।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुआ कटा हुआ सिर
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन में जमीन के भीतर दबाया गया मृतक का सिर बरामद किया। बरामदगी के दौरान एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए।
तकनीकी और वैज्ञानिक जांच से खुली गुत्थी
डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि बिना सिर के शव मिलने के कारण जांच काफी जटिल थी। तकनीकी विश्लेषण, फॉरेंसिक जांच और लगातार साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। मामले में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हत्या में इस्तेमाल वाहन भी जब्त
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में मजबूत आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान का औपचारिक खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की प्रेस वार्ता में किया जाएगा।
पूरी टीम ने मिलकर सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस
इस मामले के खुलासे में अनुसंधान टीम, तकनीकी सेल और एफएसएल की अहम भूमिका रही। बरामदगी के दौरान डीएसपी ओमप्रकाश, अंचल अधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, एसआई रंजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

