
SL vs BAN: थारिंदू रत्नायके की तूफानी पारी, गेंदबाजों का कहर; श्रीलंका ने बांग्लादेश को 63 रन से हराकर जीता ब्रॉन्ज
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए, जवाब में बांग्लादेश की टीम 102 रन पर सिमट गई। रत्नायके ने 32 गेंदों में 65 रन बनाकर टीम को संभाला।

नई दिल्ली। एशियन गेम्स-2026 के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 63 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17.3 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई।
रत्नायके ने खेली तूफानी पारी
श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 54 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे समय में थारिंदू रत्नायके ने मोर्चा संभाला और कप्तान सहान अर्चाछिगे के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया।
रत्नायके ने सिर्फ 32 गेंदों में 65 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान सहान अर्चाछिगे ने 33 रन की अहम पारी खेली। दोनों के बीच 93 रनों की साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
147 रन के स्कोर पर रत्नायके आउट हुए। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाज ज्यादा देर नहीं टिक सके और टीम 165 रन तक ही पहुंच पाई। आसेन बंडारा ने भी 18 रन बनाए।
166 रन का लक्ष्य, लेकिन बांग्लादेश 102 पर ढेर
166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 4 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका।
बांग्लादेश ने 18 रन के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाया। तौहिद हृदोय 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी कोई बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका।
नासुम अहमद ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। उन्होंने 28 गेंदों की पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। यासिर अली ने 21 रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए।
गेंदबाजों ने दिलाई श्रीलंका को जीत
श्रीलंका की जीत में उसके गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। नुवान तुषारा, थारिंदू रत्नायके, विजयकांत और वानुजा सहान ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। कप्तान सहान अर्चाछिगे और दुशान हेमांता को भी एक-एक सफलता मिली।
बांग्लादेश की तरफ से मेहदी हसन, सैफ हसन और मुस्ताफिजुर रहमान ने 2-2 विकेट लिए, जबकि रिशाद हुसैन को एक विकेट मिला। हालांकि गेंदबाजों के प्रदर्शन के बावजूद बांग्लादेश के बल्लेबाज टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
इस तरह श्रीलंका ने 63 रन से मुकाबला अपने नाम करते हुए एशियन गेम्स-2026 में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमा लिया।




