रूस का सबसे ताकतवर Su-57 फाइटर जेट क्रैश, हादसे की वजह पर उठे सवाल

0
60
Share This Post

मॉस्को के पास प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट। रूस ने जांच शुरू की, जबकि सोशल मीडिया पर यूक्रेनी हमले और फ्रेंडली फायर के दावे चर्चा में।

मॉस्को: रूस का सबसे आधुनिक और ताकतवर पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ लड़ाकू विमान Su-57 मॉस्को के पास प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा ज्वेनिगोरोड इलाके में हुआ, जहां विमान का मलबा जंगल में बिखरा मिला। राहत की बात यह रही कि पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली और वह सुरक्षित बताया जा रहा है।

इस घटना के बाद रूसी वायुसेना ने दुर्घटना की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्तर पर उड़ान नियमों के पालन, तकनीकी खामी और उड़ान-पूर्व तैयारियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इसी बीच सोशल मीडिया पर इस हादसे को लेकर कई तरह के दावे सामने आए हैं। कुछ पोस्ट में कहा गया कि Su-57 गलती से रूसी एयर डिफेंस सिस्टम का शिकार बन गया, जबकि कुछ अन्य दावों में इसे यूक्रेन की कार्रवाई बताया गया है। हालांकि, इन दावों की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और रूस की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

कुछ मीडिया रिपोर्टों में यूक्रेनी साइबर हमले की भी चर्चा की गई है। दावा किया गया कि कथित साइबर ऑपरेशन के कारण रूसी एयर डिफेंस यूनिट ने अपने ही Su-57 को दुश्मन का विमान समझकर मिसाइल दाग दी। फिलहाल इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Su-57 रूस का पहला पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ मल्टीरोल फाइटर जेट है, जिसे दिसंबर 2020 में रूसी एयरोस्पेस फोर्स में शामिल किया गया था। यह विमान लगभग 2,458 किलोमीटर प्रति घंटे (मैक 2) की रफ्तार से उड़ान भर सकता है और सुपरक्रूज क्षमता, उन्नत एवियोनिक्स तथा दो शक्तिशाली टर्बोफैन इंजनों से लैस है।

अब सभी की नजर रूस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा तकनीकी खराबी का परिणाम था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here