Ranchi Durga Puja: पूजा पंडालों पर प्रशासन की सख्ती, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई; बिजली कनेक्शन की भी जांच

0
53
Share This Post

पंडालों में सुरक्षित वायरिंग, फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य, बिजली के खंभे-ट्रांसफॉर्मर से दूरी रखने का निर्देश

रांची: राजधानी में आने वाले पर्व-त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दुर्गापूजा समेत गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दीपावली, छठ और काली पूजा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा को लेकर खास तौर पर चर्चा की गई। प्रशासन ने साफ कहा है कि पंडाल निर्माण में सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर कार्रवाई की जाएगी।

पंडालों में फायर सेफ्टी का रखना होगा ध्यान

पूजा समितियों को पंडाल बनाते समय पर्याप्त प्रवेश और निकास मार्ग रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को आसानी से बाहर निकाला जा सके, इसके लिए इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था जरूरी होगी। पंडाल में अग्निशमन उपकरण और सुरक्षित बिजली वायरिंग भी अनिवार्य होगी। अग्निशमन विभाग को प्रमुख पूजा स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने का निर्देश दिया गया है।

बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर से बनानी होगी दूरी

प्रशासन ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी पूजा समितियों को सावधान किया है। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर और अन्य विद्युत संरचनाओं के बिल्कुल पास पंडाल या तोरण द्वार नहीं बनाया जा सकेगा। पूजा समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही बिजली कनेक्शन लेने और स्वीकृत लोड के अनुसार बिजली का इस्तेमाल करने को कहा गया है। सजावट के दौरान नंगे या खुले तारों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। बिजली विभाग के अधिकारियों को पूजा स्थलों का नियमित निरीक्षण कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

पूजा समितियों और वॉलंटियर्स को मिलेगा प्रशिक्षण

प्रशासन पूजा समितियों के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को प्राथमिक अग्नि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी जानकारी भी देगा। किसी आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सके, इस पर विशेष जोर दिया गया है। वहीं, विसर्जन के लिए पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से तय किए गए रूट का ही इस्तेमाल करना होगा। विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई से जांच भी कराई जाएगी।

करम पर्व को लेकर तालाबों पर रहेगी नजर

करम पर्व के दौरान तालाबों और पूजा स्थलों पर भीड़ को देखते हुए नगर निगम को पहले से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। तालाबों की सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ जरूरत के अनुसार क्रेन की व्यवस्था करने को कहा गया है।

दीपावली और छठ की भी तैयारी

दीपावली के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। पटाखों को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन कराने और प्रतिबंधित या असुरक्षित पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा गया है।

वहीं, छठ पूजा से पहले तालाबों और छठ घाटों की सफाई पूरी कराने का निर्देश नगर निगम को दिया गया है। दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भी नियमित जांच करने को कहा गया है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here