45 फीट ऊंचे पंडाल में मिट्टी की मां दुर्गा की प्रतिमा होगी खास आकर्षण, 1957 से हो रही पूजा का इस बार 69वां वर्ष

रांची: दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां शुरू हो गई हैं। कांटाटोली स्थित नेताजी नगर दुर्गा पूजा कमेटी इस बार श्रद्धालुओं के लिए एक खास और पर्यावरण अनुकूल पंडाल तैयार कर रही है। पूजा पंडाल को काल्पनिक मंदिर का रूप दिया जाएगा, जिसे पूरी तरह बांस और हुगला पत्तों से तैयार किया जा रहा है।
पंडाल की ऊंचाई करीब 45 फीट और चौड़ाई 40 फीट होगी। इसकी खास डिजाइन और कलाकृतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पंडाल के अंदर बांस से बनी छोटी-बड़ी कई कलाकृतियां और मूर्तियां सजाई जाएंगी, जिससे पूरे परिसर को अलग तरह का रूप दिया जाएगा।
मिट्टी की प्रतिमा दिखेगी बांस से बनी हुई
पंडाल में प्रवेश करते ही मां दुर्गा की प्रतिमा श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेगी। खास बात यह है कि प्रतिमा मिट्टी से तैयार की जा रही है, लेकिन इसे इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि दूर से देखने पर यह बांस से बनी हुई प्रतीत होगी।
पूरे पंडाल को तैयार करने में पर्यावरण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। थर्मोकोल और प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। पंडाल के भीतर अलग-अलग हिस्सों में प्राकृतिक सामग्री से तैयार कलाकृतियां देखने को मिलेंगी।
1957 से हो रही है पूजा
पूजा कमेटी के अध्यक्ष अमित कुमार दास ने बताया कि नेताजी नगर में वर्ष 1957 से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पूजा का 69वां वर्ष है। बेलवरण के साथ ही पंडाल का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
इस वर्ष पूजा आयोजन पर करीब 21.60 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पूजा कमेटी का कहना है कि पंडाल की थीम, प्राकृतिक सजावट और मां दुर्गा की अनोखी प्रतिमा इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहने वाली है।
पूजा कमेटी में ये पदाधिकारी शामिल
पूजा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों में संरक्षक गौतम घोष, संयोजक कुमारेश चक्रवर्ती, अध्यक्ष अमित कुमार दास, महासचिव जय दास, सचिव राहुल कुमार (भोलू), उपाध्यक्ष विजय दास सहित कई सदस्य शामिल हैं। कोषाध्यक्ष परितोष घोष और लेखाकार सुजय मजुमदार समेत अन्य सदस्य भी आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।


