Nokia, HMD, Lava और Itel के चुनिंदा फीचर फोन में मिलेगी सुविधा, मोबाइल नंबर या UPI ID से कर सकेंगे पेमेंट

नई दिल्ली: अब UPI पेमेंट करने के लिए स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन जरूरी नहीं होगा। डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सर्विस लॉन्च की है। कंपनी के मुताबिक, इसके जरिए बिना इंटरनेट कनेक्शन के भी पैसे भेजने और दुकानदारों को पेमेंट करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह सर्विस खास तौर पर उन इलाकों के लिए उपयोगी हो सकती है, जहां इंटरनेट या 2G कनेक्टिविटी सीमित है।
PhonePe के अनुसार, UPI 123Pay की सुविधा फिलहाल Nokia, HMD, Lava International और Itel के चुनिंदा फीचर फोन में मिलेगी। कंपनी ने बताया है कि आगे दूसरे मोबाइल निर्माताओं को भी इस सेवा से जोड़ा जाएगा।
इस सर्विस के जरिए यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID से पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। कैमरा वाले फीचर फोन में QR कोड स्कैन करके पेमेंट करने का विकल्प भी मिलेगा। इसके अलावा बैंक बैलेंस चेक करने और पुराने ट्रांजैक्शन देखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
PhonePe ने बताया कि यह सिस्टम SMS आधारित टेक्नोलॉजी पर काम करता है, इसलिए कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले इलाकों में भी पेमेंट की सुविधा जारी रखने का लक्ष्य है। कंपनी के मुताबिक, भारत में 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स हैं और यह सेवा डिजिटल पेमेंट को उन लोगों तक पहुंचाने की कोशिश है, जो अभी स्मार्टफोन इस्तेमाल नहीं करते।
फिलहाल बिल पेमेंट और मोबाइल रिचार्ज जैसी सुविधाएं बाद के अपडेट में जोड़े जाने की योजना है। PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स की मदद के लिए AI आधारित वॉयस हेल्पलाइन भी शुरू की है, जो अंग्रेजी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में सहायता देगी।
यानी अब फीचर फोन रखने वाले यूजर्स भी बिना मोबाइल इंटरनेट के UPI की दुनिया से जुड़ सकेंगे।

