रांची, 25 अक्टूबर 2026। अबूआ न्यूज़ झारखंड
रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी में झारखंड और दिल्ली के बीच चार दिवसीय मुकाबला सोमवार, 26 अक्टूबर से रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। घरेलू मैदान पर उतरने वाली झारखंड की टीम बेहतर प्रदर्शन कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से खेलेगी। वहीं, दिल्ली की टीम भी जीत के लिए पूरी ताकत लगाएगी।
विराट सिंह और आयुष वडोनी संभालेंगे कप्तानी की जिम्मेदारी
इस मुकाबले में झारखंड की कमान विराट सिंह के हाथों में होगी, जबकि दिल्ली की कप्तानी आयुष वडोनी करेंगे। झारखंड की टीम में विराट सिंह के अलावा रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कौनेन कुरैशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। दूसरी ओर, दिल्ली की टीम में यश ढुल, नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे प्रमुख खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। झारखंड को घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में बेहतर तालमेल दिखाना होगा।
शिखर मोहन की जगह कुमार देवव्रत को मिला मौका
मुकाबले से पहले झारखंड की टीम में दो अहम बदलाव किए गए हैं। प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन के इंडिया-ए टीम में चयन के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को टीम में शामिल किया गया है। देवव्रत ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था।
55 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव रखते हैं देवव्रत
कुमार देवव्रत ने अब तक 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। अनुभवी बल्लेबाज की वापसी से झारखंड की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
साहिल राज की जगह शुभ शर्मा को टीम में मिली जगह
झारखंड की टीम में दूसरा बदलाव साहिल राज की जगह किया गया है। उनकी जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। अब झारखंड की टीम नए संयोजन के साथ दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी।
झारखंड की टीम
विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीपी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनेन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह।





