
झारखंड में 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगी चुनाव पाठशाला, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर होगी चर्चा
रांची, 27 अक्टूबर 2026। अबुआ न्यूज़ झारखंड
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को अधिक समावेशी, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी।
सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी बैठक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सामने आए मामलों पर चर्चा होगी।
आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करने वाले मतदाताओं पर रहेगा फोकस
बैठक में ऐसे मतदाताओं के मामलों पर विशेष रूप से विचार किया जाएगा, जिन्हें सुनवाई की प्रक्रिया के दौरान दो बार नोटिस दिए गए हैं। इसके बावजूद वे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके हैं। घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्र करने की प्रक्रिया के बाद भी जिन मतदाताओं के जरूरी कागजात नहीं मिल पाए हैं, उनके मामलों पर भी चर्चा की जाएगी।
बीएलओ और बीएलए-2 के बीच समन्वय पर जोर
के. रवि कुमार ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि उन मतदाताओं तक पहुंच बनाई जा सके, जिन्होंने एन्युमरेशन फॉर्म जमा किया है, लेकिन सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके हैं।
मतदाताओं को दस्तावेजों के संबंध में मिलेगा मार्गदर्शन
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से संबंधित मतदाताओं से संपर्क करने, उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के बारे में मार्गदर्शन देने और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उनके मामलों के नियमानुसार निष्पादन में सहायता मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मामले की जांच और सुनवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप ही की जाएगी।




