सरकारी और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी कॉल को मोबाइल ऐप नहीं रोक सकेंगे, 140 सीरीज की कॉल केवल DND से होगी ब्लॉक

रांची : अगर आप अपने मोबाइल में कॉल ब्लॉक करने वाले ऐप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दूरसंचार नियामक TRAI ने साफ कर दिया है कि 1600 नंबर सीरीज से आने वाली कॉल को कोई भी मोबाइल ऐप ब्लॉक, टैग या फिल्टर नहीं कर सकता।
TRAI के अनुसार, 1600 सीरीज के नंबर खास तौर पर सरकारी संस्थाओं और विनियमित वित्तीय संस्थानों द्वारा आम लोगों से आधिकारिक संवाद के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसलिए इन कॉल्स को ब्लॉक करने की अनुमति नहीं है।
इन नंबरों का इस्तेमाल रिजर्व बैंक (RBI), सेबी (SEBI), बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI), पेंशन कोष विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) के अधीन आने वाले बैंक, बीमा कंपनियां और अन्य वित्तीय संस्थान अपने ग्राहकों को सेवा, लेनदेन, अलर्ट और जरूरी जानकारी देने के लिए करते हैं। TRAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि 140 नंबर सीरीज से आने वाली प्रमोशनल या टेलीमार्केटिंग कॉल्स को केवल ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (DND) सेवा के माध्यम से ही ब्लॉक किया जा सकता है। इन्हें किसी थर्ड-पार्टी मोबाइल ऐप के जरिए ब्लॉक करने की अनुमति नहीं है।
TRAI का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों तक महत्वपूर्ण और आधिकारिक सूचनाएं बिना किसी रुकावट के पहुंचाना है, ताकि बैंकिंग और सरकारी सेवाओं से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर मिल सके.

