
मुंबई से गिरफ्तार टॉप माओवादी संजय गोदराम जेल भेजा गया, रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पलामू पुलिस
पलामू: मुंबई से गिरफ्तार झारखंड-बिहार के कुख्यात माओवादी कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम को पलामू पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पलामू पहुंची थी। अब पुलिस ने कोर्ट में आवेदन देकर उसे रिमांड पर लेने की मांग की है, ताकि उससे नक्सली गतिविधियों और संगठन से जुड़े मामलों में विस्तार से पूछताछ की जा सके।
झारखंड में 10 लाख और बिहार में 3 लाख रुपये का था इनाम
संजय गोदराम झारखंड-बिहार क्षेत्र में माओवादी संगठन का प्रमुख जोनल कमांडर रह चुका है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ दोनों राज्यों में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने के आरोप हैं। वह पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का रहने वाला है और वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि फिलहाल संजय गोदराम को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। उससे मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निशानदेही पर जंगल में सर्च ऑपरेशन, एसएलआर और 200 से अधिक गोलियां बरामद
संजय गोदराम से मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पलामू सहित झारखंड-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। इस दौरान हथियार और भारी मात्रा में गोलियां बरामद होने की सूचना है। पुलिस ने पलामू के महूदंड जंगल से एक एसएलआर राइफल और 200 से अधिक गोलियां बरामद की हैं।
बताया जाता है कि संजय गोदराम माओवादी दस्ते में एसएलआर लेकर चलता था। संगठन के हथियारों और गोला-बारूद के ठिकानों के संबंध में भी उसे अहम जानकारी थी। वर्ष 2011 से वह झारखंड और बिहार पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। वर्ष 2014-15 में पहली बार उस पर इनाम घोषित किया गया था। बाद में 2018 में इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई थी।
मुठभेड़ के बाद मई 2025 में छोड़ दिया था माओवादी दस्ता
जानकारी के अनुसार, मई 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद संजय गोदराम माओवादी दस्ता छोड़कर फरार हो गया था। इस मुठभेड़ में माओवादी एरिया कमांडर तुलसी भुइयां मारा गया था। बताया जाता है कि अपने गोतिया के साथ जमीन विवाद के बाद संजय माओवादी संगठन में शामिल हुआ था।
दस्ते में शीर्ष कमांडर नितेश यादव के साथ उसका विवाद भी हुआ था। एक दिन जंगल में जब पूरा दस्ता सो रहा था, उसी दौरान वह मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद वह मुंबई चला गया और वहीं अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा।
मुंबई में पहले फैक्ट्री, फिर घर में करने लगा काम
मुंबई पहुंचने के बाद संजय यादव ने शुरुआत में एक धागा फैक्ट्री में नौकरी की थी। हालांकि, काम में परेशानी के कारण उसे वहां से निकाल दिया गया। इसके बाद वह एक व्यक्ति के घर पहुंचा और वहां दूध दुहने का काम करने लगा।
इसी दौरान पलामू पुलिस को उसके मुंबई में छिपे होने की जानकारी मिली। छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम मुंबई पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस रिमांड पर लेकर उससे संगठन के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों और अन्य नक्सली गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करने की तैयारी में है।




