
झारखंड के 235 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान, स्थापना दिवस पर CM हेमंत सोरेन करेंगे पुरस्कृत
Ranchi: झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। वर्ष 2026 में जैक (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में राज्य स्तर पर टॉप करने वाले विद्यार्थियों को राज्य सरकार सम्मानित करने जा रही है। 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत करेंगे।
नकद पुरस्कार के साथ मिलेगा लैपटॉप और मोबाइल
सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार के अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना और अन्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित
बोर्ड परीक्षाओं के स्टेट टॉपर्स के अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस अवसर पर कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
शिक्षा विभाग ने जिलों को जारी किया निर्देश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी किया है। पत्र के माध्यम से आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्थापना दिवस समारोह में सभी चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा सके।




