
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह की भावुक पोस्ट ने मचाई हलचल, लिखा- ‘फिर एक मां ने बेटा पैदा कर दिया’

पटना: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह की एक भावुक इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। ज्योति ने अपनी पोस्ट में मां-बेटी के रिश्ते का जिक्र करते हुए ऐसा संदेश लिखा है, जिसे यूजर्स पवन सिंह से जोड़कर देख रहे हैं।
इंस्टाग्राम स्टोरी में बयां किया अपना दर्द
ज्योति सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “मैं अपनी मां से बड़े फक्र से कहा करती थी- दुनिया में कोई मां ऐसी बेटी पैदा नहीं कर पाई, जो तेरी बेटी को बर्बाद कर पाए। फिर एक मां ने बेटा पैदा कर दिया।”
इस पोस्ट में ज्योति ने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन पवन सिंह के साथ लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद के कारण सोशल मीडिया यूजर्स इसे अभिनेता पर निशाना मान रहे हैं। उनकी इस भावुक टिप्पणी में दर्द के साथ-साथ नाराजगी और शिकायत भी नजर आ रही है।
यह पहली बार नहीं है जब ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह कहती नजर आई थीं कि उन्हें ’10 जगह मुंह मारने वाला पति नहीं चाहिए।’
उस वीडियो के सामने आने के बाद भी पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
पवन सिंह का नाम लिए बिना पोस्ट से बढ़ी चर्चा
ज्योति सिंह की ताजा इंस्टाग्राम स्टोरी में न तो पवन सिंह का नाम लिया गया है और न ही पोस्ट के पीछे की वजह स्पष्ट की गई है। हालांकि, दोनों के बीच लंबे समय से जारी विवाद को देखते हुए सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल ज्योति सिंह की इस पोस्ट पर पवन सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है।




