
रांची के 2.55 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 51.10 करोड़ रुपये, दो महीने की पेंशन जारी
रांची: सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 2,55,534 पेंशनधारियों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को लाभुकों के बैंक खातों में अक्टूबर और नवंबर महीने की पेंशन राशि भेज दी गई। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से कुल 51.10 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
प्रत्येक लाभुक के खाते में भेजे गये दो हजार रुपये
प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक पेंशनधारी के बैंक खाते में दो महीने की पेंशन के रूप में कुल 2,000 रुपये भेजे गये हैं। इस भुगतान से जिले के लाखों जरूरतमंद लाभुकों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
तमाड़, कांके और मांडर में हजारों लाभुकों को भुगतान
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, तमाड़ में 20,689, कांके में 17,027, मांडर में 16,115, सिल्ली में 15,683 और बेड़ो में 14,142 पेंशनधारियों के खाते में राशि भेजी गई है। वहीं, रांची शहरी क्षेत्र के 13,099 पेंशनधारियों को भी पेंशन का भुगतान किया गया है।
पेंशन नहीं मिलने पर कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है, वे अपने बैंक खाते की आधार सीडिंग अवश्य कराएं। आधार सीडिंग पूरी नहीं होने की स्थिति में डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित होने में परेशानी हो सकती है। ऐसे लाभुकों को जल्द से जल्द बैंक जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।




