
मतदाता सूची से नाम हटने का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी की कोशिश, अनजान लिंक पर क्लिक न करें
Jharkhand: मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का डर दिखाकर साइबर ठगी की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में मतदाताओं को सतर्क रहने की जरूरत है। इन दिनों “Your name has been removed from the draft voter list” जैसे संदेश भेजकर लोगों को भ्रमित करने और अनजान लिंक पर क्लिक कराने की आशंका जतायी जा रही है। ऐसे किसी भी संदेश से घबराएं नहीं और उसमें दिए गए संदिग्ध लिंक को बिल्कुल न खोलें।
निर्वाचन विभाग के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी संदेशों से रहें सावधान
जिला निर्वाचन शाखा और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मतदाताओं को इस तरह का कोई संदेश नहीं भेजा जा रहा है। इसलिए यदि किसी व्यक्ति के मोबाइल पर मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का दावा करने वाला मैसेज आता है, तो उस पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांचें।
मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए अपनाएं आधिकारिक पोर्टल
मतदाता सूची में अपना नाम और उसकी स्थिति जानने के लिए केवल भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल का इस्तेमाल करें। इसके लिए मतदाता आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी अनजान वेबसाइट या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय
निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी संदेशों से सावधान रहें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने या व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी देने से बचें। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस तरह की साइबर ठगी के प्रति जागरूक करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगी से बचने के लिए दूसरों को भी जागरूक करें।




